विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

अवैध रेत माफिया पर शिकंजा: पोकलेन मशीन और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त

Share:

Join Whatsapp group

कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त दल की कार्रवाई, प्रकरण कलेक्टर न्यायालय भेजे जाएंगे

पांढुर्णा।
जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सौंसर के मार्गदर्शन में 8 एवं 9 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त मशीन और वाहनों को जप्त किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील सौंसर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायत मिलने पर संयुक्त दल ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम बिछुआबग्गू स्थित शोभना नदी में अवैध खनन का मामला उजागर हुआ। मौके पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के शासकीय भूमि से पोकलेन मशीन के माध्यम से रेत उत्खनन किया जा रहा था। कार्रवाई करते हुए टीम ने एक टाटा हिताची पोकलेन मशीन को मौके से जप्त कर लिया।

दल द्वारा मौके का निरीक्षण कर अवैध खनन स्थल का आकलन किया गया तथा विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया गया है। खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर जुर्माना अधिरोपित करने के लिए मामला कलेक्टर न्यायालय पांढुर्णा में प्रस्तुत किया जाएगा।

इसी कार्रवाई के दौरान बिछुआबग्गू-खैरीबडोसा मार्ग पर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली (क्रमांक MP28ZC3126 एवं MP28AC5196) को भी पकड़ा गया। दोनों वाहनों को रेत सहित जप्त कर पुलिस थाना सौंसर परिसर में अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। इन मामलों में भी नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय भेजा जाएगा।

इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सौंसर सिद्धार्थ पटेल, नायब तहसीलदार अशोक अडमे, सहायक खनि अधिकारी महेश नगपुरे, हल्का पटवारी युवराज राहांगडाले सहित पुलिस एवं राजस्व-खनिज विभाग का संयुक्त अमला मौजूद रहा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Copy not allowed