सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, जिला कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक एवं भाजपा कार्यालय का वर्चुअल भूमिपूजन
शुभम नांदेकर, पांढुर्णा। मोहन यादव 26 मार्च को रामनवमी के पावन अवसर पर पांढुर्णा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जामसांवली धाम में ‘हनुमान लोक’ का लोकार्पण करेंगे तथा जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।
जामसांवली धाम में मुख्य कार्यक्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले छिंदवाड़ा के सिहोरा स्थित रामेश्वरम धाम में आयोजित सतचंडी यज्ञ में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे छिंदवाड़ा में तेंदूपत्ता बोनस कार्यक्रम में भाग लेकर सीधे चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर संस्थान जामसांवली धाम पहुंचेंगे, जहां ‘हनुमान लोक’ का लोकार्पण किया जाएगा।
लोकार्पण एवं वर्चुअल भूमिपूजन
इसी क्रम में मुख्यमंत्री पांढुर्णा के सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण करेंगे। साथ ही जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं जिला भाजपा कार्यालय का वर्चुअल भूमिपूजन भी जामसांवली धाम से किया जाएगा।
समीक्षा बैठक का आयोजन
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर रविवार शाम सौंसर तहसील कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिलालेख एवं व्यवस्थाओं के निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यों के लिए शिलालेख (पत्थर) लगाने की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।
हितग्राहियों की उपस्थिति व परिवहन व्यवस्था
उन्होंने जनपद पंचायत सौंसर एवं पांढुर्णा को निर्देश दिए कि पंचायतों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने की समुचित व्यवस्था की जाए। इस दौरान कुल 20 हजार हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बसों की व्यवस्था, भोजन पैकेट एवं पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
अनुशासन व पहचान व्यवस्था
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड धारण करेंगे, जिससे व्यवस्था में अनुशासन एवं पारदर्शिता बनी रहे।
लाभ वितरण एवं समापन निर्देश
इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को कार्यक्रम के दौरान चेक वितरण भी किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने पर जोर दिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश, अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी, एसडीएम पांढुर्णा अलका एक्का, एसडीएम सौंसर सिद्धार्थ पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।