पांढुर्णा। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार रात अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग में तीन मकान जलकर खाक हो गए, जिससे लक्ष्मण बिनझड़े, लाजवंती मोहबे और ललिता हापसे के परिवार बेघर हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोग सामान तक नहीं बचा सके। हालांकि समय रहते सभी सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और भोजन जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अब तक प्रशासन की ओर से ठोस मदद नहीं मिलने पर नाराजगी भी देखी जा रही है। फिलहाल पड़ोसी और समाजसेवी संस्थाएं ही इनकी मदद कर रही हैं।
पीड़ितों ने प्रशासन से जल्द राहत और सहायता की मांग की है, ताकि उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।