
भीषण सड़क हादसे के बाद प्रशासनिक हलचल तेज
- प्रभारी मंत्री राकेश सिंह जबलपुर से छिंदवाड़ा के लिए रवाना
मंत्री राकेश करीब अभी रात 1:30 बजे जिला अस्पताल पहुंचेंगे, जहां हादसे में घायल लोगों का हालचाल जानेंगे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। मंत्री द्वारा अस्पताल में डॉक्टरों और अधिकारियों से भी चर्चा कर घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए जाने की संभावना है।
छिंदवाड़ा। जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। छिंदवाड़ा के मोहखेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया हनुमान मंदिर के पास बस और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 32 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें 3 की हालत गंभीर बनी हुई है।

कैसे हुआ हादसा
यह दुर्घटना शाम करीब 6:30 बजे उमरानाला इलाके में हुई। बस में सवार लोग मोहन यादव के ‘हितग्राही सम्मेलन’ से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए।

मौके पर मचा हड़कंप, लगा लंबा जाम
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही 20 से अधिक एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना के कारण सड़क पर करीब 4–5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार यातायात बहाल करने में जुटी रही।

घायलों का इलाज जारी, अस्पताल में अलर्ट
सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का इलाज कर रही है। कुछ गंभीर घायलों के लिए बाहर से विशेषज्ञ डॉक्टरों को भी बुलाया जा रहा है।
छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने बताया कि मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया और सभी घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों में महिला और बच्चा भी शामिल
प्रशासन के अनुसार, मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं। बस में कुल 47 यात्री सवार थे, जो सभी सम्मेलन में शामिल होकर लौट रहे थे।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही सभी घायलों का नि:शुल्क इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने जबलपुर से डॉक्टरों की टीम भेजने और पूरे मामले की मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए हैं।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
राहत-बचाव कार्य जारी
घटनास्थल पर पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर राहत-बचाव कार्य में जुटे रहे। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।