नरसिंहपुर में एयरगन से गलती से फायर होने पर 18 वर्षीय युवक घायल हुआ। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
नरसिंहपुर। स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम डांगीढ़ाना में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई। घर के भीतर रखी एयरगन से अचानक फायर होने पर निकला पेलेट युवक के सीने में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डांगीढ़ाना निवासी आदित्य लोधी पिता नारायण लोधी रात के समय घर में एयरगन को ठीक कर रहा था। इसी दौरान गलती से ट्रिगर दब गया, जिससे फायर हो गया। एयरगन से निकला पेलेट सीधे उसके सीने में लगा, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। उसे तत्काल नरसिंहपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जबलपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जबलपुर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी स्थिति बिगड़ती गई। हालात बिगड़ते देख उसे वापस जिला अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर एयरगन का पेलेट लगने से युवक की मौत होना सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।