छिंदवाड़ा। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नेर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री श्री दिव्य नवचंडी नवकुंडीय हवनात्मक महायज्ञ का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। चमत्कारिक श्री शिव शंभूधाम दादा दरबार नेर के तत्वाधान में आयोजित यह धार्मिक आयोजन 20 मार्च से 28 मार्च तक चलेगा।
महायज्ञ के साथ ही मनोकामना ज्योति कलश स्थापना भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन स्थल पर धार्मिक वातावरण, भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
विशेष बात यह है कि दादा दरबार के दादाजी पिछले 52 वर्षों से उपवास संकल्प पर रहते हुए केवल फलाहार एवं दुग्धाहार ग्रहण कर रहे हैं। साथ ही वे 12 वर्षों से निरंतर माता की जवारे अपने शरीर पर धारण किए हुए हैं, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
महायज्ञ में मध्यप्रदेश सहित उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, दिल्ली और राजस्थान से प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। भोपाल, जबलपुर, सिवनी, नरसिंहपुर, बैतूल और छिंदवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से भी भारी संख्या में भक्तों की उपस्थिति दर्ज हो रही है।
समिति के अनुसार इस महायज्ञ में पं. परशुराम जी मिश्रा शास्त्री, पं. निशांत कृष्ण जी मिश्रा शास्त्री और पं. प्रशांत जी मिश्रा शास्त्री सहित अन्य विद्वान आचार्य शामिल होकर यज्ञ और देवी पूजन (सहस्त्रार्चन) संपन्न करा रहे हैं।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक यज्ञ एवं देवी पूजन किया जा रहा है, वहीं दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक शुभ यज्ञ बेला में विशेष अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं।
इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासी, क्षेत्रवासी, पदाधिकारी एवं श्रद्धालुजन सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।