विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

पांढुर्णा में तीन स्थानीय अवकाश घोषित, हनुमान जयंती पर अवकाश – जामसांवली धाम में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

Share:

Join Whatsapp group

शुभम नांदेकर, पांढुर्णा। [The NewsBar]  जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की शक्तियों का उपयोग करते हुए वर्ष 2026 के लिए पांढुर्णा जिले में तीन स्थानीय अवकाश घोषित किए गए हैं। यह निर्णय जिले के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि आमजन इन पर्वों को श्रद्धा और उत्साह के साथ मना सकें।

जारी आदेश के अनुसार, पहला स्थानीय अवकाश 02 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को हनुमान जयंती के पावन अवसर पर रहेगा। इस दिन जिले के सभी शासकीय कार्यालय बंद रहेंगे, जिससे श्रद्धालुजन धार्मिक कार्यक्रमों और अनुष्ठानों में शामिल हो सकें।

पांढुर्णा जिले की विशेष पहचान देशभर में प्रसिद्ध चमत्कारी जामसांवली धाम हनुमान मंदिर (हनुमान लोक) से है, जहां हनुमान जयंती के अवसर पर हर वर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हाल ही में रामनवमी के अवसर पर यहां ‘हनुमान लोक’ के लोकार्पण के बाद इस धाम की भव्यता और आकर्षण और भी बढ़ गया है। ऐसे में इस बार हनुमान जयंती पर यहां श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ने की संभावना है।

इसके अलावा प्रशासन द्वारा दो अन्य स्थानीय अवकाश भी घोषित किए गए हैं—

  • 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) : अनंत चतुर्दशी
  • 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) : दशहरा (महानवमी)

इन अवसरों पर भी जिले के सभी शासकीय कार्यालय बंद रहेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश जिला कोषालय एवं उप-कोषालय पर लागू नहीं होगा। इन कार्यालयों में कार्य पूर्ववत जारी रहेगा, ताकि वित्तीय कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

प्रशासन के इस निर्णय से जहां आमजन को पर्वों पर सुविधा मिलेगी, वहीं जिले की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती मिलेगी।

error: Copy not allowed