पांढुर्णा। [The NewsBar] कार्यालय कलेक्टर (आबकारी), जिला पांढुर्णा द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मदिरा दुकानों के संचालन हेतु ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह प्रक्रिया मध्यप्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों एवं आबकारी आयुक्त के आदेशों के तहत पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है।
जिले में शेष बची एक कंपोजिट मदिरा दुकान समूह “सौंसर A” के लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति, फर्म, कंपनी, कंसोर्टियम अथवा एलएलपी निर्धारित शर्तों के अनुसार ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
ई-टेंडर प्रक्रिया के तहत आवेदन 2 अप्रैल 2026 को सुबह 11:00 बजे से प्रारंभ होकर 3 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:00 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके तुरंत बाद 3 अप्रैल को दोपहर 2:05 बजे से टेंडर खोले जाएंगे।
इस मदिरा दुकान के लिए वर्ष 2026-27 हेतु आरक्षित मूल्य 16 करोड़ 5 लाख 91 हजार 769 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि धरोहर राशि (EMD) 30 लाख रुपये तय की गई है। वहीं, ई-टेंडर फॉर्म की कीमत 30 हजार रुपये रखी गई है।
आवेदन करने के लिए ई-आबकारी पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। सभी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन माध्यम से ही जमा करना होंगे, साथ ही धरोहर राशि भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन जमा करनी होगी।
जिला आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि सफल निविदाकार को पूरे वर्ष के लिए निर्धारित वार्षिक मूल्य पर ही अनुज्ञप्ति प्रदान की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की छूट लागू नहीं होगी।
ई-टेंडर से संबंधित विस्तृत जानकारी, नियम एवं शर्तें एमपी टेंडर्स पोर्टल एवं आबकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आवेदक कार्यालयीन समय में सहायक आबकारी आयुक्त, जिला छिंदवाड़ा से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।