विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

रीवा में हाईवोल्टेज ड्रामा: बीच सड़क पर भिड़े पुलिस और शराबी, युवक ने पुलिसकर्मियों को जमीन पर पटककर पीटा, वीडियो वायरल

Share:

Join Whatsapp group

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा शहर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए नशे में धुत युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने हड़कंप मचा दिया है, जिसमें नशेड़ी युवक पुलिसकर्मियों के साथ न केवल बदतमीजी कर रहे हैं, बल्कि उन्हें बीच सड़क पर पटक-पटककर पीटते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करती रही।

घटना के दौरान स्थिति इतनी अनियंत्रित हो गई कि पुलिस और युवक आपस में गुत्थमगुत्था हो गए। वीडियो के एक हिस्से में साफ दिख रहा है कि एक युवक अकेले ही दो पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ रहा है और उन्हें संभालने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। सड़क पर सरेराह एक-दूसरे को लिटाकर घसीटा गया, जिससे वहां से गुजरने वाले राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। धक्का-मुक्की और गाली-गलौज के बीच माहौल बेहद तनावपूर्ण बना रहा।

हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों की मदद करने के बजाय उनके खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया। वीडियो में पीछे से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जो आरोप लगा रहे हैं कि पुलिसकर्मी खुद नशे की हालत में हैं और जबरदस्ती लोगों को उठा रहे हैं। भीड़ से “इनको मारो… पुलिस वालों को ही मारो” जैसी उत्तेजक आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जो जनता के बीच पुलिस के प्रति बढ़ते आक्रोश को दर्शाती हैं।

इस पूरे मामले पर रीवा की एडिशनल एसपी आरती सिंह का कहना है कि वर्तमान में बल की कमी है, जिसके बावजूद पुलिसकर्मी नियमित चेकिंग और गश्त पर निकले थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने नशे की हालत में पुलिस के साथ झूमाझटकी और गाली-गलौज की। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। वहीं, पुलिसकर्मियों पर लगे नशे के आरोपों की भी जांच की जा सकती है।

error: Copy not allowed