विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

शहर के मध्य बनेगा जिला कलेक्टर कार्यालय, पुलिस थाना परिसर में होंगे चार प्रमुख दफ्तर

Share:

Join Whatsapp group

पांढुर्णा। लंबे समय से चल रहे विवाद और चर्चा के बाद आखिरकार जिला कलेक्टर कार्यालय के निर्माण स्थल को लेकर स्थिति साफ हो गई है। अब कलेक्टर कार्यालय शहर के मध्य में, पुलिस थाना परिसर में स्थापित किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को प्रशासनिक सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

जानकारी के अनुसार पूर्व में कलेक्टर कार्यालय सहित अन्य शासकीय दफ्तरों के निर्माण के लिए अमरावती रोड स्थित लिंगायत समाज द्वारा दान की गई लगभग 5 एकड़ भूमि पर भवन बनाने का प्रस्ताव तय किया गया था। हालांकि अब प्रशासन द्वारा नई व्यवस्था के तहत शहर के बीचों-बीच कार्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

नवगठित पांढुर्णा जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस थाना परिसर में चार महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित किए जाएंगे। इनमें जिला कलेक्टर कार्यालय और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय आमने-सामने स्थित होंगे। इसके अलावा पुलिस थाना और पुलिस कंट्रोल रूम भी इसी परिसर से संचालित किए जाएंगे।

सोमवार को कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्माण से संबंधित व्यवस्थाओं और स्थान की उपयुक्तता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वशिष्ठ ने बताया कि शहर के मध्य में इन कार्यालयों की स्थापना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को प्रशासनिक सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

error: Copy not allowed