मुंबई। राम नवमी की छुट्टी के बाद शुक्रवार, 27 मार्च को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों ने भारी बिकवाली की. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांकों में 1.50% की बड़ी गिरावट देखी गई।
प्रमुख बिंदु
सेंसेक्स का हाल: बीएसई (BSE) सेंसेक्स 1100 अंक गिरकर 74,200 के स्तर पर आ गया. सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं।
निफ्टी की स्थिति: एनएसई (NSE) निफ्टी 350 अंक टूटकर 23,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर पर पहुंच गया है।
सेक्टर अपडेट: आज सबसे ज्यादा मार ऑटो और बैंकिंग सेक्टर पर पड़ी है. इन दोनों सेक्टर्स में मुनाफावसूली और बिकवाली का दबाव साफ दिख रहा है।
वैश्विक बाजारों का दबाव
अमेरिकी बाजार में 26 मार्च को आई गिरावट का असर भारतीय बाजार पर साफ दिखा. डाउ जोन्स में 1% और नैस्डैक में 2.38% की गिरावट दर्ज की गई थी. एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला रुख रहा, जहां जापान का निक्केई और साउथ कोरिया का कोस्पी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
कच्चे तेल की कीमतों का गणित
बाजार में अनिश्चितता का एक बड़ा कारण कच्चे तेल की कीमतें भी हैं. ब्रेंट क्रूड 99 डॉलर प्रति बैरल के पार बना हुआ है, जबकि इंडियन बास्केट की कीमतें 157 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर तक पहुंच गई हैं, जो भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।