जबलपुर। नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही वाहन चालकों की जेब पर बोझ बढ़ने वाला है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने 1 अप्रैल से टोल टैक्स की दरों में 5 से 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. जबलपुर से नागपुर, भोपाल, प्रयागराज और रायपुर जाने वाले यात्रियों को अब हर सफर के लिए ज्यादा कीमत चुकानी होगी।
5 से 10 रुपए तक की बढ़ोतरी, पास भी महंगा
टोल दरों में वृद्धि के कारण कार चालकों को हर प्लाजा पर 5 से 10 रुपए अतिरिक्त देने पड़ सकते हैं. सिर्फ डेली ट्रिप ही नहीं, बल्कि FASTag के जरिए बनने वाले सालाना (Annual) पास की कीमतों में भी लगभग 75 रुपए तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
अभी जबलपुर के प्रमुख टोल रेट (कार के लिए):
बरगी टोल (नागपुर रोड): 165 रुपए
सिहोरा टोल (प्रयागराज रोड): 130 रुपए
शहपुरा टोल (भोपाल रोड): 90 रुपए
बरेला टोल (रायपुर रोड): 35 रुपए
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
टोल टैक्स की दरें होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर तय की जाती हैं. सड़क परिवहन मंत्रालय हर साल इंडेक्स का मूल्यांकन कर नए रेट जारी करता है. इसमें सड़क की लंबाई और उस पर बने फ्लाईओवर या टनल जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर की लागत भी शामिल होती है।
खराब सड़कों पर ‘पूरा टोल’ वसूलने से नाराजगी
टोल बढ़ोतरी को लेकर जनता में खासा आक्रोश है. स्थानीय वाहन मालिकों का कहना है कि एक तरफ टैक्स बढ़ाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सड़कों का मेंटेनेंस बेहद खराब है।
“भोपाल रोड की हालत जर्जर है और बरेला के आगे अभी भी निर्माण कार्य चल रहा है. सुविधा के नाम पर कुछ नहीं है, लेकिन टोल पूरा वसूला जा रहा है।”