छिंदवाड़ा। [The NewsBar]
उमरानाला के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री देर रात जबलपुर से छिंदवाड़ा पहुंचे और करीब 1:30 बजे जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मंत्री ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और अधिकारियों से चर्चा कर घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उमरानाला के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों की जान जाना अत्यंत पीड़ादायक है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। साथ ही घायलों के समुचित उपचार की पूरी व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जा रही है।
मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद उन्होंने अपने सभी आगामी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं और तत्काल छिंदवाड़ा पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जबलपुर से डॉक्टरों की टीम भी छिंदवाड़ा भेजी गई है। गंभीर घायलों को आवश्यकता अनुसार नागपुर रेफर किया जाएगा, जहां संभागायुक्त जबलपुर की निगरानी में उनका उपचार कराया जाएगा।
अंत में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।