बुजुर्ग ने बच्ची से की आपत्तिजनक हरकत; गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के नीमच जिले के एक गांव में 60 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल रहमान ने घर में घुसकर पड़ोसी हिंदू परिवार की 11 वर्षीय बच्ची से आपत्तिजनक हरकत की।
प्रतिनिधि, नीमच। [The NewsBar] मध्य प्रदेश के नीमच जिले के एक गांव में 60 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल रहमान ने घर में घुसकर पड़ोसी हिंदू परिवार की 11 वर्षीय बच्ची से आपत्तिजनक हरकत की। इससे आक्रोशित लोगों की भीड़ ने आरोपित के घर पर धावा बोलकर तोड़फोड़ की। भीड़ ने आग लगाने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने आंसू गैस के गोले का प्रयोग करने के साथ ही लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ा। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
कब की है घटना
मनासा क्षेत्र के पड़दा गांव में यह घटना बुधवार रात्रि की है। पुलिस के अनुसार, गांव के हिंदू परिवार की 11 वर्षीय बच्ची घर में अकेली थी। इसी दौरान बुजुर्ग पड़ोसी मोहम्मद अब्दुल रहमान घर में घुस गया और बच्ची से आपत्तिजनक हरकत की। बच्ची रोने लगी तो उसे मारने की धमकी देकर भाग गया।
बच्ची ने रोते हुए जानकारी दी
स्वजन लौटे तो बच्ची ने रोते हुए अब्दुल रहमान की करतूत के बारे में जानकारी दी। स्वजन उसके घर पहुंचे तो वह फरार हो गया। गुरुवार सुबह गांव के लोगों को इस बारे में पता लगा तो वे गुस्से में आ गए।
घर घेर लिया और तोड़फोड़ की
भीड़ ने एकजुट होकर आरोपित का घर घेर लिया और तोड़फोड़ की। गुस्साए लोगों ने आग लगाने की कोशिश की तो पुलिस ने बमुश्किल भीड़ को खदेड़ा।
आरोपित अब्दुल रहमान गिरफ्तार
बच्ची के स्वजन की ओर से पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपित अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर लिया। मनासा की एसडीएम किरण आंजना ने बताया कि घटना के बाद आक्रोशित लोग आरोपित का मकान ढहाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने स्थिति संभाली। आरोपित का मकान ढहाने अथवा नोटिस चस्पा करने जैसी कोई कार्रवाई फिलहाल प्रशासन की ओर से नहीं की गई है। अब गांव में स्थिति सामान्य है।