छिंदवाड़ा। जिले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही यात्रियों से भरी बस उमरानाला के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस की सामने से आ रहे वाहन (पिकअप/ट्रक) से जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
बताया जा रहा है कि हादसा सिमरिया हनुमान मंदिर से कुछ दूरी पर हुआ, जहां टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में करीब 26 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, कुछ लोगों की मौत की भी सूचना मिल रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग सबसे पहले पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाए गए घायल
घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। 108 एम्बुलेंस सहित आधा दर्जन से अधिक एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर घायलों पर डॉक्टरों की विशेष निगरानी रखी जा रही है।
लगा लंबा जाम
हादसे के कारण सड़क पर लगभग 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और रास्ता बहाल कराया।
फिलहाल प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।