
सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में सोमवार सुबह लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्का मिर्चीवार में पदस्थ पटवारी मुनेन्द्र सिंह भदौरिया को 5 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पटवारी ने यह राशि राजस्व मामलों के निपटारे के एवज में मांगी थी।
वारिसाना और राजस्व मामलों के लिए मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, ग्राम मिर्चीवार निवासी मुनेश्वर प्रसाद सोनी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी मुनेन्द्र सिंह भदौरिया उनके तीन अलग-अलग राजस्व मामलों (जिसमें वारिसाना भी शामिल था) को निपटाने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पटवारी ने कुल 50 हजार की मांग की थी, जिसमें से वह एक मामले के लिए पहले ही 25 हजार ले चुका था। शेष दो मामलों के लिए पटवारी लगातार दबाव बना रहा था।
अस्पताल के पास स्थित आवास पर दबिश
- शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक (DSP) प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। सोमवार सुबह करीब 8 बजे, योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को सीधी जिला अस्पताल के पास स्थित पटवारी के निजी आवास पर भेजा गया। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत के ₹5 हजार पकड़े, घेराबंदी कर खड़ी लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
सर्किट हाउस में हुई आगे की कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद लोकायुक्त टीम पटवारी को सीधी शहर के सर्किट हाउस लेकर पहुंची, जहां कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। लोकायुक्त डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार ने बताया कि आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।