विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

पांढुर्णा की नवागत एसपी विदिता डागर ने संभाला पदभार, विनय ज्वेलर्स लूटकांड का लिया जायजा

Share:

Join Whatsapp group

पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश, पुलिस दरबार में सुनीं अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याएं

THE NewsBar | पांढुर्णा।

जिले की नवागत पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर ने शनिवार, 10 अक्टूबर को पांढुर्णा पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति और जिले की प्रमुख चुनौतियों को लेकर सक्रियता दिखाई। इसी क्रम में उन्होंने बीती रात विनय ज्वेलर्स में हुई लूट की गंभीर वारदात का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा लूटे गए माल की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विनय ज्वेलर्स लूटकांड का किया निरीक्षण

पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक विदिता डागर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद के साथ विनय ज्वेलर्स पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी प्राप्त की और मामले की गंभीरता को देखते हुए पांढुर्णा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने लूट की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने और लूटे गए माल की बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए टीम गठित कर कार्रवाई करने को कहा। पुलिस के अनुसार, घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस दरबार में सुनीं समस्याएं, अनुशासन पर दिया जोर

नवागत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पुलिस सम्मेलन (दरबार) भी आयोजित किया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, पांढुर्णा एवं सौंसर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, रक्षित निरीक्षक, यातायात प्रभारी तथा बड़चिचोली एवं नांदनवाड़ी चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और पुलिसिंग, अनुशासन तथा कर्तव्यों के निर्वहन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए पूरी निष्ठा, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों पर रहेगा फोकस

नवागत पुलिस अधीक्षक ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही पुलिस व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने पर जोर दिया।

पदभार ग्रहण करने के पहले ही दिन विनय ज्वेलर्स लूटकांड का निरीक्षण और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक को जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब इस हाईप्रोफाइल लूटकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए माल की बरामदगी पर पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें रहेंगी।

error: Copy not allowed