विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

जामसांवली धाम मंदिर के गुम्मट का POP गिरा, बाल-बाल बचे श्रद्धालु; पूर्व विधायक ने उठाए निर्माण गुणवत्ता पर सवाल

Share:

Join Whatsapp group

THE NewsBar | पांढुर्णा। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे प्रसिद्ध जामसांवली धाम हनुमान मंदिर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर के मुख्य द्वार से लगे गुम्मट में लगी POP (प्लास्टर ऑफ पेरिस) का एक हिस्सा अचानक गिर पड़ा। गनीमत रही कि घटना में किसी दर्शनार्थी को चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।

बता दें कि जामसांवली धाम में करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से जामसांवली लोक का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में परियोजना के दूसरे चरण का निर्माण कार्य जारी है। इसी दौरान मंदिर परिसर में POP गिरने की घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पंखे की मोटर खराब होने से POP गिरने का दावा

जामसांवली धाम मंदिर समिति के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि मंदिर के गुम्मट में लगे पंखे की मोटर खराब होने के कारण POP का हिस्सा गिरा है। उन्होंने कहा कि घटना में किसी भी दर्शनार्थी को नुकसान नहीं हुआ है और बुधवार शाम से सुधार कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

“मंदिर के गुम्मट में लगे पंखे की मोटर खराब होने से POP गिर पड़ी। किसी दर्शनार्थी को नुकसान नहीं हुआ है। आज शाम से सुधार कार्य शुरू किया जाएगा।”
» गोपाल शर्मा, अध्यक्ष, जामसांवली धाम मंदिर

350 करोड़ के जामसांवली लोक में निर्माण पर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल

घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद पूर्व विधायक अजय चौरे ने सोशल मीडिया के माध्यम से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनकी पोस्ट से कुछ लोग नाराज हो सकते हैं और उन्हें तरह-तरह के आरोपों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन तस्वीरों में सामने आई स्थिति पर सवाल उठाना जरूरी है।

चौरे ने निर्माण कार्य में कथित लापरवाही की जांच की मांग करते हुए पूछा कि मंदिर निर्माण का कार्य कर रहे ठेकेदार पर किसका नियंत्रण है और यदि निर्माण में किसी तरह की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई क्यों न की जाए।

उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार या गुणवत्ता में कमी के आरोप सामने आते हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि घटना में किसी श्रद्धालु के हताहत नहीं होने को भगवान हनुमान की कृपा बताया।

घटना के बाद निर्माण गुणवत्ता पर चर्चा तेज

करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे जामसांवली लोक में मंदिर प्रमुख आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर के गुम्मट से POP गिरने की घटना के बाद श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के बीच निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी इस घटना की जांच में क्या तथ्य सामने रखते हैं।

error: Copy not allowed