विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

पांढुर्णा में हाईप्रोफाइल डकैती: विनय ज्वेलर्स में हथियारबंद बदमाशों का धावा, बुजुर्ग संचालक पर रॉड से हमला

Share:

Join Whatsapp group

CCTV के तार काटकर दुकान में घुसे बदमाश, करीब 160 ग्राम सोने और चांदी के आभूषण चोरी; लॉकर तोड़ने में रहे नाकाम, गंभीर हालत में संचालक नागपुर रेफर

THE NewsBar| शुभम नांदेकर, पांढुर्णा।  शहर के गणेश वार्ड स्थित गुजरी बाजार क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात विनय ज्वेलर्स में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने वारदात से पहले दुकान के CCTV कैमरों के तार काटे और फिर ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इस दौरान दुकान संचालक राजेश खरवड़े ने बदमाशों का साहसपूर्वक सामना किया, लेकिन बदमाशों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संचालक को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया है, जहां वे आईसीयू में भर्ती हैं।

रात करीब 1:45 से 2 बजे के बीच हुई वारदात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब छह बदमाश बाइक से मौके पर पहुंचे थे। इनमें से तीन बदमाश दुकान के अंदर घुसे, जबकि अन्य बाहर निगरानी करते रहे। बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण समेटे। इसी दौरान आहट मिलने पर संचालक राजेश खरवड़े की नींद खुल गई और वे बदमाशों का सामना करने दुकान की ओर पहुंचे।

संचालक ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ भी लिया था। इसी बीच अन्य बदमाशों ने उन पर लोहे की रॉड से वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों के पहुंचने से पहले ही बदमाश मौके से फरार हो गए।

करीब 160 ग्राम सोना और चांदी के आभूषण चोरी

दुकान संचालक विनय खरवड़े के अनुसार, बदमाश दुकान में रखे करीब 160 ग्राम सोने के आभूषण, जिनमें पेंडेंट, लॉकेट, चेन और ईयर रिंग सहित अन्य ज्वेलरी शामिल है, चोरी कर ले गए। इसके अलावा चांदी के ब्रेसलेट और अन्य आभूषण भी चोरी हुए हैं। हालांकि, बदमाश दुकान में रखे लॉकर को तोड़ने में सफल नहीं हो सके। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत का आकलन किया जाना बाकी है।

ओपन हार्ट सर्जरी के बाद भी डटकर किया मुकाबला

बताया गया है कि दुकान संचालक राजेश खरवड़े की पहले ओपन हार्ट सर्जरी हो चुकी है। इसके बावजूद उन्होंने बदमाशों का सामना करने का साहस दिखाया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजन उन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

थाने से कुछ ही दूरी पर वारदात, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

घटना पुलिस थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित घनी आबादी वाले गणेश वार्ड के गुजरी बाजार क्षेत्र में हुई। वारदात के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गुजरी बाजार में वर्षों से पुलिस का गश्ती पॉइंट रहा है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से पुलिस की नियमित मौजूदगी नजर नहीं आ रही थी। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और स्थायी गश्ती पॉइंट शुरू करने की मांग की है।

नई एसपी के पदभार ग्रहण करने से पहले वारदात

गौरतलब है कि पांढुर्णा की नवागत पुलिस अधीक्षक विदिता धनखड़ शुक्रवार को ही जिले पहुंची थीं और शनिवार को उन्हें विधिवत पदभार ग्रहण करना था। इससे पहले ही शहर के बीचोंबीच डकैती की इस बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों का सुराग जुटाने में लगे हैं। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की चुनौती है।

विनय ज्वेलर्स डकैती: जांच में जुटी डॉग स्क्वायड टीम

विनय ज्वेलर्स में हुई डकैती की वारदात के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज सहित अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

error: Copy not allowed