ऊर्जा अनुसंधान में विश्व स्तर पर बनाई पहचान, टॉप 0.6% शोधकर्ताओं में स्थान
THE NewsBar | पांढुर्णा। शहर में पले-बढ़े प्रोफेसर डॉ. मोहनलाल कोल्हे ने ऊर्जा अनुसंधान के क्षेत्र में पांढुर्णा का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। नॉर्वे की यूनिवर्सिटी ऑफ एडगर में प्रोफेसर डॉ. कोल्हे को 2026 एल्सेवियर-स्टैनफोर्ड वैज्ञानिक मूल्यांकन में लगातार विश्व के टॉप 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान मिला है।
वर्ष 2025 तक के शोध कार्यों के आधार पर वे ऊर्जा अनुसंधान क्षेत्र के विश्व के टॉप 0.6 प्रतिशत शोधकर्ताओं में शामिल हुए हैं और 99.4वें पर्सेंटाइल पर हैं। उनका शोध नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, स्मार्ट ग्रिड, ऊर्जा भंडारण, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग और सतत ऊर्जा प्रणालियों पर केंद्रित है।
करीब तीन दशक के अंतरराष्ट्रीय शोध एवं अकादमिक अनुभव वाले डॉ. कोल्हे ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता स्व. पुंडलीकराव कोल्हे और स्व. सावित्री कोल्हे को दिया। उन्होंने पांढुर्णा सहित मध्यप्रदेश के युवाओं से विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।