किसानों को बिना परेशानी खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश, अधिकारियों को सख्त मॉनीटरिंग के आदेश
The NewsBar | पांढुर्णा।
कलेक्टर पांढुर्णा नीरज कुमार वशिष्ठ ने आज सुबह करीब 10 बजे सौंसर स्थित मंडी प्रांगण के शासकीय गोदाम में संचालित चना एवं गेहूं खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम सौंसर सिद्धार्थ पटेल, उपसंचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह, तहसीलदार, एसडीओ कृषि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वशिष्ठ ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर और सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपनी उपज बेचने का अवसर मिलना चाहिए, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम दुरुस्त रखे जाएं।

कलेक्टर ने खरीदी प्रक्रिया में गुणवत्ता को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए निर्देशित किया कि केवल FAQ (फेयर एवरेज क्वालिटी) मापदंड के अनुसार ही खरीदी की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही उन्होंने पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी एवं एसडीएम को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन खरीदी केंद्रों की नियमित मॉनीटरिंग करें। उनका उद्देश्य है कि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो और किसानों को बिना किसी परेशानी के अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की गंभीरता साफ नजर आई, जिससे किसानों में भी भरोसा बढ़ा है।