विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, मिलने के बहाने उज्जैन बुलाया; चलती कार में गैंगरेप, प्राइवेट पार्ट में पाइप डालने का आरोप

Share:

Join Whatsapp group

पांच युवकों पर गंभीर यौन हिंसा और मारपीट के आरोप, इंदौर में अस्पताल के बाहर छोड़कर भागे; पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला

THE NewsBar | उज्जैन/इंदौर। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद मिलने के बहाने इंदौर की एक महिला को उज्जैन बुलाकर चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म और गंभीर यौन हिंसा किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला ने पांच युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने उसके साथ बर्बरता की और घटना के बाद उसे इंदौर में अरबिंदो अस्पताल के बाहर छोड़कर फरार हो गए। मामले में नानाखेड़ा पुलिस ने चक्रेश जैन और एक अन्य युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, मिलने के बहाने उज्जैन बुलाया

पीड़िता के अनुसार, कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान उज्जैन निवासी चक्रेश जैन से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और वे पहले भी एक-दो बार मिल चुके थे। सोमवार को चक्रेश ने उसे मिलने के लिए उज्जैन बुलाया। महिला बस से शाम करीब सात बजे उज्जैन पहुंची, जहां मेघदूत होटल के पास चक्रेश अपने एक साथी के साथ कार में मिला।

कार में चार अन्य युवकों के आने का आरोप

महिला का आरोप है कि शुरुआत में दोनों युवक उसे कार में घुमाते रहे। इसके बाद चक्रेश के चार अन्य दोस्त भी कार में सवार हो गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कार में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट की गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि यौन हिंसा के दौरान उसे गंभीर चोटें पहुंचाई गईं।

पीड़िता के अनुसार, वारदात के बाद आरोपित उसे इंदौर ले गए और अरबिंदो अस्पताल के बाहर छोड़कर चले गए। महिला ने वीडियो जारी कर भी अपने साथ हुई घटना को लेकर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

भाई को फोन कर बताई आपबीती, थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

पीड़िता के भाई के मुताबिक, सोमवार रात करीब नौ बजे उसकी बहन का फोन आया। वह रो रही थी और उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही भाई अरबिंदो अस्पताल के बाहर पहुंचा और महिला को लेकर उज्जैन के नानाखेड़ा थाने पहुंचा। रात करीब 12 बजे पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ कर उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा।

दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर, पुलिस कर रही जांच

मामले में सीएसपी श्वेता गुप्ता और नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने पीड़िता से पूछताछ की। पुलिस ने महिला के लिखित आवेदन के आधार पर चक्रेश जैन और एक अन्य युवक के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।

सीएसपी श्वेता गुप्ता के अनुसार, महिला अपनी मर्जी से उज्जैन आई थी। उसकी शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

error: Copy not allowed