THE NewsBar | खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पांच आवारा कुत्तों ने एक 6 वर्षीय मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते बच्चे को घसीटते हुए खेत की ओर ले गए और उसके सिर पर इतनी बुरी तरह हमला किया कि सिर की चमड़ी और बाल तक उखड़ गए। बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज इंदौर के निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार यह घटना 14 मई दोपहर की है। पीड़ित बच्चा अवि पटेल, जो चिचगोहन की सरपंच आरती पटेल का बेटा बताया जा रहा है, अपनी बुआ के घर सुरगांव जोशी गांव गया हुआ था। दोपहर करीब 1 बजे वह घर से बाहर शौच के लिए निकला था। इसी दौरान एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और देखते ही देखते चार अन्य कुत्ते भी वहां पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्तों ने बच्चे को जबड़ों में दबोचकर करीब 50 मीटर तक घसीटा और खेत की तरफ ले जाकर नोचने लगे। मासूम दर्द से चीखता रहा, लेकिन कुत्तों का हमला जारी रहा। गांव के एक बुजुर्ग ने पत्थर फेंककर किसी तरह कुत्तों को भगाया और बच्चे की जान बचाई।
हमले में बच्चे के सिर की त्वचा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चा शारीरिक रूप से कमजोर है और उसकी त्वचा भी नाजुक होने के कारण सर्जरी करना चुनौतीपूर्ण था। बताया गया कि उपचार के लिए विशेष सामग्री विदेश से मंगवाई गई।
घायल बच्चे के पिता अनिल पटेल ने बताया कि अब तक इलाज और ऑपरेशन में करीब 4 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, जबकि आगे भी उपचार जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गांवों में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक को रोकने के लिए पंचायतों और सरपंचों को प्रभावी अधिकार दिए जाएं।
आवारा कुत्तों का बढ़ता खतरा बना चिंता का विषय
खंडवा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लगातार चिंता का कारण बन रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी काटने की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस तरह का हमला क्षेत्र में दहशत फैलाने वाला है। घटना के बाद प्रशासन की व्यवस्था और आवारा पशुओं के नियंत्रण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल मासूम का इलाज जारी है और परिवार उसकी सलामती की उम्मीद में अस्पताल में डटा हुआ है।