पांढुर्णा निवासी 64 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार; महाराष्ट्र में तंबाकू की कथित सप्लाई को लेकर जांच तेज, जल्द बड़ी कार्रवाई के संकेत.. .
THE NewsBar | शुभम नांदेकर, नागपुर/पांढुर्णा। महाराष्ट्र में प्रतिबंधित तंबाकू और पान मसाला की बिक्री के खिलाफ नागपुर पुलिस की कार्रवाई ने पांढुर्णा कनेक्शन को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। नागपुर पुलिस आयुक्त के एस्कॉर्ट दल ने वाड़ी के सोनबानगर में एक अनाज गोदाम पर छापा मारकर पांढुर्णा निवासी अशोक गोपालराव कडू (64) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अनाज गोदाम की आड़ में प्रतिबंधित तंबाकू और पान मसाला का कारोबार किया जा रहा था।
गोदाम की तलाशी में अलग-अलग कंपनियों के पान मसाला और तंबाकू उत्पाद मिले। पुलिस ने 11 हजार रुपये नकद और प्रतिबंधित सामग्री सहित कुल 32,956 रुपये का माल जब्त किया।
पांढुर्णा से महाराष्ट्र तक पहुंच रही तंबाकू की खेप?
इस कार्रवाई का सबसे अहम पहलू पांढुर्णा निवासी व्यक्ति की गिरफ्तारी है। नागपुर पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की आपूर्ति को लेकर पांढुर्णा से जुड़े सप्लाई नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। यही वजह है कि नागपुर में हुई कार्रवाई का कनेक्शन अब मध्यप्रदेश के पांढुर्णा से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच केवल नागपुर में पकड़े गए माल तक सीमित नहीं है। तंबाकू की सप्लाई कहां से हो रही है, किन लोगों के जरिए हो रही है और महाराष्ट्र में किन स्थानों तक माल पहुंच रहा है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
नागपुर पुलिस के संकेत- आगे पांढुर्णा में बड़ी कार्रवाई संभव
नागपुर पुलिस का कहना है कि पांढुर्णा से महाराष्ट्र में तंबाकू उत्पादों की कथित अवैध सप्लाई की जांच की जा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
ऐसे में आने वाले दिनों में महाराष्ट्र पुलिस की ओर से पांढुर्णा में तंबाकू सप्लायरों और इससे जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। यदि जांच में सप्लाई नेटवर्क की पुष्टि होती है तो कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है।
नागपुर में एक के बाद एक तीन ठिकानों पर छापा
तंबाकू के खिलाफ चलाए गए अभियान में नागपुर पुलिस ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। मानकापुर थाना क्षेत्र के बोखारा-गोधनी रोड पर गोधनी रेलवे पुल के पास गोलू पान सेंटर और कान्हा पान पैलेस पर छापा मारा गया। दुकान संचालक प्रफुल्ल बाबाराव बिष्णुरकर मौके पर नहीं मिला, जबकि वहां काम करने वाले दुर्गादास नारायणदास मलवे और योंगेश ज्ञानेश्वर बोंदरे को पुलिस ने पकड़ा। यहां से पान मसाला और गुटखा सहित 62,210 रुपये का माल जब्त किया गया।
वहीं लकड़गंज थाना क्षेत्र के टेलीफोन एक्सचेंज चौक स्थित भाऊ पान पैलेस पर भी क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की। तलाशी के दौरान प्रतिबंधित तंबाकू से तैयार खर्रा और पान मसाला बरामद हुआ। पुलिस ने करीब 15 किलो तैयार खर्रा सहित 17,322 रुपये का माल जब्त किया।
तीनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1.11 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त किया है।
पहले भी सामने आ चुका है पांढुर्णा का तंबाकू कनेक्शन
पांढुर्णा से महाराष्ट्र में तंबाकू उत्पादों की कथित आपूर्ति का मामला पहले भी सामने आ चुका है। चिचखेड़ा पाटी के समीप कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तंबाकू उत्पादों से भरा ट्रक पकड़ा था। इसमें करीब 22.91 लाख रुपये मूल्य की तंबाकू सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, यह खेप पांढुर्णा के बस स्टैंड स्थित शंकर किराना स्टोर में डिलीवरी के लिए लाई गई थी।
इसके अलावा महाराष्ट्र की मोर्शी पुलिस भी तंबाकू उत्पादों की अवैध आपूर्ति की जांच के सिलसिले में पांढुर्णा पहुंच चुकी है।
अब पांढुर्णा पुलिस की भूमिका पर भी सवाल
एक तरफ महाराष्ट्र पुलिस पांढुर्णा से जुड़े कथित तंबाकू नेटवर्क की जांच कर रही है और दूसरी तरफ स्थानीय स्तर पर तंबाकू की बिक्री एवं सप्लाई को लेकर सवाल लगातार उठते रहे हैं।
सवाल यह है कि यदि महाराष्ट्र पुलिस को पांढुर्णा से तंबाकू की कथित सप्लाई के इनपुट मिल रहे हैं और इसी कड़ी में पांढुर्णा निवासी व्यक्ति नागपुर में पकड़ा जाता है, तो पांढुर्णा में सक्रिय सप्लायरों तक स्थानीय पुलिस कब पहुंचेगी.. .?
अब निगाह महाराष्ट्र पुलिस की आगामी कार्रवाई पर है। नागपुर में पकड़े गए पांढुर्णा निवासी से पूछताछ के बाद यदि सप्लाई नेटवर्क की अहम कड़ियां सामने आती हैं, तो आने वाले दिनों में पांढुर्णा में बड़े पैमाने पर कार्रवाई हो सकती है।