THE NewsBar | पांढुर्णा।
पहलगाम में बादल फटने की अफवाह सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद अमरनाथ यात्रा पर गए पांढुर्णा के श्रद्धालुओं के परिजनों में चिंता और भय का माहौल बन गया। हालांकि, इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए पांढुर्णा के श्रद्धालुओं ने पहलगाम बेस कैंप से वीडियो जारी कर अपनी कुशलक्षेम की जानकारी दी और लोगों से किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर विश्वास नहीं करने की अपील की।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं और प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार सुबह से शुरू होगी तथा फिलहाल सभी यात्री बेस कैंप में सुरक्षित ठहरे हुए हैं। स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की घबराने वाली बात नहीं है।
पांढुर्णा के धीरज खुरसंगे, प्रमोद कोल्हे, जगदीश पटेल, नीलेश घोड़े और रविंद्र कोल्हे ने वीडियो संदेश में अपने परिजनों एवं क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे सभी स्वस्थ और सुरक्षित हैं। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों से दूर रहने तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की।
श्रद्धालुओं के इस वीडियो के सामने आने के बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने भी वीडियो संदेश का स्वागत करते हुए कहा कि अफवाहों के दौर में इस तरह की वास्तविक जानकारी लोगों की चिंता दूर करने में मददगार साबित होती है।