The Ocean Cleanup के CEO बॉयन स्लैट से वीडियो कॉल पर बातचीत, काम से प्रभावित होकर दिया संस्था के साथ जुड़ने का ऑफर
THE NewsBar | राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की अजनार नदी को अपने दम पर साफ कर देशभर में चर्चा में आए सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ ‘बिट्टू तबाही’ अब समुद्रों से प्लास्टिक कचरा हटाने की मुहिम का हिस्सा बन सकते हैं। उनके काम से प्रभावित होकर नीदरलैंड स्थित पर्यावरण संस्था The Ocean Cleanup के फाउंडर और CEO बॉयन स्लैट ने उन्हें संस्था के साथ काम करने का ऑफर दिया है।
बिट्टू तबाही ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बॉयन स्लैट के साथ हुई वीडियो कॉल का एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में बिट्टू एक कमरे में बैठे नजर आ रहे हैं और वीडियो कॉल के जरिए सामने मौजूद व्यक्ति से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा- “मीटिंग विद ओशन कंपनी”।
सोशल मीडिया पोस्ट पर आया था ऑफर
बिट्टू तबाही के अजनार नदी की सफाई के काम की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हुई थी। इसी दौरान उनके काम से जुड़ी एक पोस्ट पर The Ocean Cleanup के फाउंडर और CEO बॉयन स्लैट ने प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें अपनी संस्था के साथ काम करने का न्योता दिया था।
इसके बाद दोनों के बीच बातचीत हुई। अब इस वीडियो के सामने आने के बाद बिट्टू तबाही के अगले कदम को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
क्या है The Ocean Cleanup?
The Ocean Cleanup नीदरलैंड स्थित एक गैर-लाभकारी पर्यावरण संगठन है, जिसकी स्थापना वर्ष 2013 में बॉयन स्लैट ने की थी। संस्था का मुख्य उद्देश्य समुद्रों और नदियों में मौजूद प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना है। संगठन इसके लिए आधुनिक तकनीक और विशेष मशीनों की मदद से समुद्रों तथा नदियों से प्लास्टिक कचरा हटाने का काम करता है।
अजनार नदी की सफाई से स्थानीय स्तर पर पहचान बनाने वाले बिट्टू तबाही के लिए किसी अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण संस्था से जुड़ने का यह प्रस्ताव उनके अभियान को वैश्विक मंच तक ले जाने की दिशा में बड़ा अवसर माना जा रहा है।