विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

पांढुर्णा: मुख्य मार्ग की जर्जर सड़क बनी खतरा: रोज हादसों का डर, युवक कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, सड़क निर्माण की उठाई मांग

Share:

Join Whatsapp group

Headlines:

  • नगर के 8 वार्डों को जोड़ती है मुख्य सड़क
  • जयस्तंभ चौक से संतोषी वार्ड तक सड़क पूरी तरह जर्जर
  • स्कूली बच्चों और राहगीरों पर मंडरा रहा हादसों का खतरा
  • सड़क चौड़ीकरण और नवीनीकरण की उठी मांग।

THE NewsBar | पांढुर्णा।

नगर के मध्य स्थित प्रमुख मार्ग की बदहाल और जर्जर स्थिति को लेकर नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष नेहिल सुरेश सांबारे ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) पांढुर्णा को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क के शीघ्र नवीनीकरण और चौड़ीकरण की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि जयस्तंभ चौक, श्रीराम मार्केट, ब्रह्मणी, समता कॉलेज, संतोषी माता वार्ड, रानी दुर्गावती वार्ड होते हुए न्यू ड्रायटेक के पीछे से बायपास को जोड़ने वाला यह मार्ग नगर के लगभग 8 वार्डों को जोड़ता है। यह सड़क शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों नागरिक, व्यापारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और दोपहिया वाहन चालक आवागमन करते हैं।

वर्तमान में जयस्तंभ चौक से संतोषी वार्ड तक की पक्की सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। विशेष रूप से स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बन चुका है।

नगर युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि सड़क की स्थिति अब केवल असुविधा का विषय नहीं रही, बल्कि यह लोगों की जान के लिए खतरा बन चुकी है। आए दिन राहगीर और विद्यार्थी दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। गड्ढों और टूटी सड़क के कारण छोटी-छोटी दुर्घटनाएं अब आम हो गई हैं और कई बार गंभीर हादसों में लोगों की जान तक चली गई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर दिन किसी न किसी दुर्घटना की खबर शहर की खुशियों पर भारी पड़ रही है और सड़क की बदहाली शहर के “चिराग” बुझाने का कारण बनती जा रही है।

नगर युवक कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए इस अति महत्वपूर्ण मार्ग का तत्काल सर्वे कराया जाए तथा जल्द से जल्द सड़क का नवीनीकरण, मरम्मत और चौड़ीकरण कार्य शुरू किया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

error: Copy not allowed