THE NewsBar | राजकोट। गुजरात के राजकोट में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़ी नेता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नंदिनी अपने लिव-इन पार्टनर के फ्लैट में पंखे से लटकी हुई मिलीं। घटना के बाद परिवार ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार देते हुए असलम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
‘पापा, मैं जिंदगी की जंग हार गई’
परिजनों के अनुसार, नंदिनी ने अपने पिता के लिए एक भावुक संदेश छोड़ा था, जिसमें लिखा था— “पापा, मैं जिंदगी की जंग हार गई…”। इस संदेश के सामने आने के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
शादीशुदा असलम के साथ लिव-इन में रह रही थीं
जेतपुर निवासी नंदिनी बोस्मिया आम आदमी पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता थीं और पिछले नगर पालिका चुनाव में भी उम्मीदवार रह चुकी थीं। बताया जाता है कि उनकी मुलाकात जूनागढ़ में असलम हुसैन से हुई थी। बाद में दोनों राजकोट में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। असलम पहले से शादीशुदा था और अपनी पत्नी से मिलने जूनागढ़ जाता था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
बेटी के फोन का जवाब नहीं मिला, फिर खुला मौत का राज
सोमवार शाम नंदिनी की बेटी रुपल ने अपनी मां को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। चिंता होने पर परिवार के परिचित रवि जोशी को फ्लैट पर भेजा गया। वहां पहुंचने पर दरवाजा खुला मिला और कमरे के अंदर नंदिनी पंखे से लटकी हुई थीं। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता का आरोप- ‘हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया गया’
नंदिनी के पिता ने आरोप लगाया है कि असलम पहले भी उनकी बेटी के साथ मारपीट कर चुका था और जूनागढ़ में उस पर चाकू से हमला भी किया था। उनका दावा है कि नंदिनी की हत्या कर शव को पंखे से लटकाकर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत के कारणों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।