भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने शादी के जश्न को मातम में बदल दिया। पवनी तालुका के सौंदड के पास एक तेज़ रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार और रिश्तेदार भंडारा के कोंडा कोसरा इलाके में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वैन से वापस लौटते समय सौंदड के पास अचानक वैन का टायर फट गया। रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन सीधे आगे चल रहे एक भारी भरकम ट्रेलर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और अंदर सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
मृतकों और घायलों की स्थिति
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों की पहचान की जिनमें दुर्गा देवराम नांगरे, नैना देवराम नागरे, श्वेता पुरुषोत्तम नागरे, प्रभाकर चाचेरकर, मुन्नी प्रभाकर चाचेरकर वही हादसे में घायल हुए रक्षा खेलकर, स्नेहा गिरीधर और सोहम जागेश्वर गेडेकर को तत्काल भंडारा जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं, उमेश बोडणालाल सोनवणे का इलाज वडाला ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है।
राहत और बचाव कार्य
हादसे की आवाज़ सुनकर पास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रेलर चालक से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण वैन का टायर फटना बताया जा रहा है।
इस घटना के बाद से भंडारा जिले के संबंधित गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। शादी वाले घर में जहाँ कुछ घंटों पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है।