प्रदेश स्तरीय एचएलओ फील्ड वर्क प्रगति रिपोर्ट में पांढुर्णा जिला प्रदेश में छठे स्थान पर
THE NewsBar | पांढुर्णा |
मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी “एचएलओ फील्ड वर्क डिस्ट्रिक्ट एवं एम.कॉर्प वाइज प्रोग्रेस रिपोर्ट” में पांढुर्णा जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर में छठवां स्थान हासिल किया है। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकानों की सूची तैयार करने के कार्य में जिले की यह उपलब्धि प्रशासनिक दक्षता, सतत मॉनिटरिंग और मैदानी अमले की मेहनत का परिणाम मानी जा रही है।
खास बात यह रही कि सीमित संसाधनों और स्टाफ की कमी के बावजूद पांढुर्णा जिले ने बेहतर समन्वय और टीमवर्क के दम पर प्रदेश के बड़े जिलों के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई। जिले की इस सफलता को प्रशासनिक कार्य संस्कृति और फील्ड स्तर पर कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ और अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में जिले में एचएलओ फील्ड वर्क और जनगणना संबंधी कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की गई। अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए जिले को प्रदेश में अग्रणी स्थान दिलाया।
अधिकारियों और मैदानी अमले की मेहनत लाई रंग
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ और अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री ने इस उपलब्धि पर जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों और फील्ड अमले को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में हासिल की गई यह सफलता जिले की मजबूत कार्य संस्कृति और टीम भावना को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सतत निगरानी, समयबद्ध कार्य योजना और कर्मचारियों की मेहनत से यह उपलब्धि संभव हो सकी है।
जिला प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय जनसहयोग, बेहतर समन्वय और कर्मचारियों की मेहनत को दिया है। साथ ही संबंधित विभागों को आगामी कार्यों में भी इसी गुणवत्ता और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए जिले को प्रदेश के शीर्ष स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।