विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

एलपीजी पर निर्भरता होगी कम: नागपुर-छिंदवाड़ा-जबलपुर गैस पाइपलाइन का फाइनल ट्रायल सफल, जल्द घरों तक पहुंचेगी पाइप गैस

Share:

Join Whatsapp group

THE NewsBar | जबलपुर। मध्यप्रदेश के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नागपुर-छिंदवाड़ा-जबलपुर प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना का मुख्य कार्य पूरा हो चुका है। भारत सरकार की महारत्न कंपनी गेल इंडिया लिमिटेड की तकनीकी टीम ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा-जबलपुर सेक्शन में पाइपलाइन की कमीशनिंग प्रक्रिया पूरी करते हुए फुल प्रेशर के साथ अंतिम तकनीकी परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।

अब परियोजना के तहत जबलपुर सहित 11 अन्य जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क बिछाने का कार्य शेष है। इसके लिए संबंधित एजेंसी द्वारा सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है। वितरण लाइन बिछने के बाद लोगों को घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी और घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से प्राकृतिक गैस पहुंचाई जाएगी।

दिसंबर 2025 में हुआ था पहला परीक्षण

गेल इंडिया की तकनीकी टीम ने दिसंबर 2025 में 318 किलोमीटर लंबी ट्रंक लाइन में नाइट्रोजन गैस प्रवाहित कर प्रारंभिक परीक्षण किया था। उस समय सीमित दबाव पर परीक्षण किया गया था ताकि पाइपलाइन की तकनीकी क्षमता और सुरक्षा मानकों की जांच की जा सके।

दो दिन चला फुल प्रेशर ट्रायल, कोई खामी नहीं मिली

21 और 22 मई को पाइपलाइन में पूर्ण दबाव के साथ गैस प्रवाहित कर अंतिम ट्रायल किया गया। इस दौरान जबलपुर के कोसमघाट और छिंदवाड़ा के रीमा स्टेशन पर तकनीकी टीमों को तैनात किया गया था।

गैस प्रवाह की लगातार निगरानी की गई और किसी भी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी सामने नहीं आई। इसके साथ ही यह साफ हो गया कि प्राकृतिक गैस अब जबलपुर तक सफलतापूर्वक पहुंच चुकी है।

मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में शुरू हुआ प्लांट निर्माण

जबलपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में गैस वितरण नेटवर्क विकसित करने की जिम्मेदारी मेघा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है। कंपनी ने मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में अपने प्लांट के लिए प्रारंभिक पाइपलाइन कार्य शुरू कर दिया है।

परियोजना की प्रमुख बातें

▪ प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के अंतर्गत संचालित परियोजना
▪ नागपुर से जबलपुर तक 318 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन
▪ मध्यप्रदेश में 256 किलोमीटर हिस्सा शामिल
▪ कुल लागत लगभग 1173 करोड़ रुपए
14 जिलों की करीब 86 लाख आबादी को लाभ मिलने की संभावना
▪ परिवहन और औद्योगिक क्षेत्रों को भी मिलेगा फायदा
▪ जबलपुर में 7 लाख से अधिक उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचाने का लक्ष्य

गेल के स्वतंत्र निदेशक ने दी जानकारी

गेल इंडिया के स्वतंत्र निदेशक अखिलेश जैन ने बताया कि नागपुर-छिंदवाड़ा-जबलपुर प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पहले नाइट्रोजन गैस के जरिए तकनीकी परीक्षण किया गया था, जबकि अब फुल प्रेशर के साथ अंतिम ट्रायल भी सफल रहा है।

उन्होंने कहा कि अब आगे सिटी गैस वितरण नेटवर्क विकसित करने की जिम्मेदारी मेघा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्राइवेट लिमिटेड की होगी, जिसके बाद घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं तक पाइप गैस पहुंचाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

error: Copy not allowed