विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

पांढुर्णा: खेत के कोठे से नाबालिग बरामद: एक महीने से छिपाकर रखने का आरोप, महाराष्ट्र पुलिस की दबिश से खुला मामला

Share:

Join Whatsapp group

वरूड़ पुलिस की कार्रवाई में पांढुर्णा के ग्राम पारडी से नाबालिग मुक्त, युवक हिरासत में; खेत मालिक की भूमिका भी जांच के दायरे में

THE NewsBar | पांढुर्णा। पांढुर्णा से लगे ग्राम पारडी में मंगलवार दोपहर उस समय हलचल मच गई, जब महाराष्ट्र के वरूड़ क्षेत्र से पहुंची पुलिस टीम ने एक खेत में बने कोठे पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान यहां से एक नाबालिग लड़की को बरामद किया गया, जिसे कथित रूप से पिछले करीब एक महीने से यहां छिपाकर रखा गया था। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर अपने साथ महाराष्ट्र रवाना हो गई, जबकि खेत मालिक की भूमिका भी जांच के घेरे में बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की महाराष्ट्र के वरूड़ तहसील के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही है। परिजनों ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

सूत्रों के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने पर महाराष्ट्र पुलिस ने पांढुर्णा के ग्राम पारडी स्थित एक खेत में बने कोठे को घेरकर कार्रवाई की। यहां से नाबालिग को बरामद किया गया। आरोप है कि युवक उसे महाराष्ट्र से लेकर आया था और खेत परिसर में बने कोठे में रखा गया था।

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि लड़की को ग्रामीणों की नजर से दूर रखने के लिए खेत में बने कोठे का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, खेत मालिक की भूमिका और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद गांव में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जाएगी।

error: Copy not allowed