विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

पुणे पोर्शे कांड: आरोपी की बेल पर जश्न से भड़का आक्रोश, मृतका अश्विनी के पिता बोले- ‘दो जिंदगियां लेने के बाद उत्सव शर्मनाक’

Share:

Join Whatsapp group

THE NewsBar | पुणे/जबलपुर। वर्ष 2024 के चर्चित पुणे पोर्शे कार हादसे में नाबालिग आरोपी के परिवार द्वारा कथित तौर पर बेल मिलने के बाद जश्न मनाने का वीडियो सामने आने से एक बार फिर मामला सुर्खियों में आ गया है। वीडियो वायरल होने के बाद हादसे में जान गंवाने वाली मध्य प्रदेश की बेटी अश्विनी कोष्ठा के पिता सुरेश कोष्ठा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दो निर्दोष लोगों की जान लेने के बाद इस तरह का जश्न मनाना बेहद शर्मनाक और संवेदनहीन है।

सुरेश कोष्ठा ने कहा कि ऐसे घटनाक्रमों से आम लोगों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होता है। उनका आरोप है कि प्रभावशाली परिवारों के आरोपी अक्सर कानून की खामियों और नाबालिग होने के प्रावधानों का लाभ उठाकर सजा से बच निकलते हैं। उन्होंने मांग की कि आरोपी की बेल रद्द की जाए और उसके माता-पिता की भूमिका की भी गंभीर जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में कानून का भय बना रहे।

मृतका के पिता ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी बेटी और उसके साथी अनीश अवधिया की मौत को दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन परिवार आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि हर बार किसी आरोपी को राहत मिलने की खबर पुराने घावों को फिर से ताजा कर देती है।

गौरतलब है कि 19 मई 2024 को पुणे के कल्याणी नगर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार पोर्शे कार ने बाइक सवार दो युवा आईटी इंजीनियरों, अश्विनी कोष्ठा और अनीश अवधिया, को कुचल दिया था। हादसे के समय कार एक 17 वर्षीय किशोर चला रहा था। मामले में शराब पीकर वाहन चलाने, सबूतों से छेड़छाड़ और ब्लड सैंपल बदलने जैसी गंभीर आरोपों की जांच हुई थी, जिसने पूरे देश में न्याय व्यवस्था और वीआईपी प्रभाव को लेकर बहस छेड़ दी थी।

हाल के दिनों में आरोपी पक्ष के कुछ सदस्यों के जश्न मनाने का वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित परिवारों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने इस पर सवाल उठाए हैं और मामले में निष्पक्ष तथा त्वरित न्याय की मांग दोहराई है।

न्याय की लड़ाई अभी बाकी है, पीड़ित परिवारों का कहना है कि जब तक दोषियों को सख्त सजा नहीं मिलती, तब तक उन्हें वास्तविक न्याय नहीं मिलेगा।

error: Copy not allowed