18 दिन पहले खरीदी लग्जरी कार से हो रही थी तस्करी, अनूपपुर में बड़ा खुलासा
नशे के नेटवर्क पर बड़ी चोट, 225 किलो गांजा बरामद
THE NewsBar | अनूपपुर। जिले की रामनगर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक लग्जरी कार से करीब 225.740 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ की ओर से एक कार के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस ने टीम बनाकर इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन पर नजर रखी। जैसे ही पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा।
भागने के दौरान तेज रफ्तार कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसे पैकेटों में भरकर रखा गया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिस लग्जरी कार का उपयोग तस्करी में किया जा रहा था, उसे करीब 18 दिन पहले ही खरीदा गया था। इसके बाद से वाहन की गतिविधियों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब वाहन के दस्तावेज, कॉल रिकॉर्ड और तस्करी के पूरे रूट की पड़ताल कर रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।