छिंदवाड़ा। के कुंभपानी बफर जोन स्थित जमतरा गेट पर सोमवार रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब टाइगर अटैक में एक युवक की मौत की खबर सामने आई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में जमतरा गेट पर एकत्रित हो गए और जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
▶️ युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश
मृतक की पहचान ग्राम नाहरझिर निवासी दिनेश पिता पुसू सेवतकर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम वन विभाग की टीम को कोर एरिया में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। जैसे ही वन अमला और पुलिस मौके पर पहुंचे, पहले से मौजूद ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया।

▶️ पखवाड़े भर से बना था टाइगर का मूवमेंट
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 15 दिनों से क्षेत्र में बाघ का लगातार मूवमेंट बना हुआ है। इस दौरान दर्जनों मवेशियों का शिकार किया गया और 1 अप्रैल को भी एक व्यक्ति पर हमला हुआ था, जिसमें उसकी जान चली गई थी। बावजूद इसके वन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई।
▶️ छह से अधिक बाघों की मौजूदगी का दावा
स्थानीय लोगों के अनुसार बफर जोन में छह से अधिक बाघों की मौजूदगी है। हाल ही में एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें एक बाघिन अपने चार शावकों के साथ दिखाई दी थी, जिससे क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई है।
▶️ जमतरा गेट पर नुकसान, जंगल में आग भी देखी गई
हंगामे के दौरान जमतरा गेट को नुकसान पहुंचाने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं पास के कोर एरिया में आग लगने की घटना भी देखी गई, जो लगातार फैल रही थी, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई।
▶️ प्रशासन और पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही एसडीएम चौरई प्रभात मिश्रा, पेंच एसडीओ अतुल पारधी, तहसीलदार सहित बिछुआ, चांद और चौरई थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर देर रात स्थिति को नियंत्रित किया।
▶️ अधिकारियों के बयान
पुनीत गोयल, उप संचालक, पेंच टाइगर रिजर्व ने बताया कि कोर एरिया से लगे क्षेत्र में वन्यप्राणी के हमले से युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने हंगामा किया और गेट को नुकसान पहुंचाया।
वहीं एसडीएम प्रभात मिश्रा ने कहा कि युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश था, लेकिन समझाइश के बाद स्थिति अब नियंत्रण में है।
👉 स्थिति फिलहाल शांत है, लेकिन क्षेत्र में टाइगर मूवमेंट को लेकर दहशत और नाराजगी बनी हुई है।