THE NewsBar | छिंदवाड़ा। चौरई थाना क्षेत्र से लापता बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहे एक पीड़ित पिता का दर्द मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में फूट पड़ा। जनसुनवाई के दौरान पिता अपने बेटे के साथ अर्धनग्न अवस्था में हाथों में तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे पिता ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी लापता बेटी का सात दिनों के भीतर पता नहीं लगाया गया, तो वे कलेक्ट्रेट परिसर के सामने आत्महत्या कर लेंगे। पिता का कहना था कि बेटी के गायब होने के बाद से परिवार लगातार पुलिस और प्रशासन के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने और बार-बार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही। पिता और पुत्र के हाथों में मौजूद तख्तियों पर बेटी को जल्द खोजने की मांग और पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी साफ नजर आ रही थी।
जनसुनवाई में इस तरह अर्धनग्न होकर पहुंचे पिता-पुत्र को देखकर कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने दोनों को समझाइश दी और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
परिवार का कहना है कि उनकी बेटी की सुरक्षित वापसी ही उनकी सबसे बड़ी मांग है और जब तक उसे खोज नहीं लिया जाता, वे न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे।