विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

बेटी की नाबालिग सहेली से दुष्कर्म: 6 माह की गर्भावस्था से खुला राज, 58 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Share:

Join Whatsapp group

THE NewsBar | मुलताई। बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बेटी की नाबालिग सहेली के साथ कथित दुष्कर्म का मामला तब उजागर हुआ, जब मानसिक रूप से विक्षिप्त पीड़िता के छह माह की गर्भवती होने का पता चला। पुलिस ने मामले में तीन दिनों से फरार चल रहे 58 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 23 जून 2026 को महाराष्ट्र के अमरावती जिले के वरुड थाने से जीरो एफआईआर के रूप में मुलताई थाने भेजा गया था। पीड़िता की मां ने शिकायत में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी बचपन से मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज अमरावती में चल रहा है। पिछले छह माह से मासिक धर्म नहीं आने पर 16 जून को अस्पताल में जांच कराई गई, जहां डॉक्टरों ने उसे छह माह की गर्भवती बताया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

मानसिक स्थिति के कारण नहीं बता सकी घटना

पीड़िता अपनी मानसिक स्थिति के कारण घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सकी। जांच के दौरान घटनास्थल मुलताई थाना क्षेत्र में पाया गया। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(k), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सहेली के घर खेलने गई थी पीड़िता

विवेचना, पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान किसना पिता गंगाराम सातपुते (58), निवासी घाटअमरावती के रूप में की। आरोपी पीड़िता की सहेली का पिता है। पुलिस के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब पीड़िता अपनी सहेली के घर खेलने गई थी और घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया।

फरारी के दौरान पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने आत्महत्या का प्रयास कर पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की। हालांकि, विशेष टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने घाटअमरावती में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे एवं एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में उपनिरीक्षक मोनिका पटले, उपनिरीक्षक अमित पवार, प्रधान आरक्षक सोनू, राजा वर्मा और गोपाल शामिल रहे।

जरूर पढ़ें

विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

error: Copy not allowed