THE NewsBar | पांढुर्णा।
जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। लू और तापघात से विद्यार्थियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि बढ़ती गर्मी का उनके ऊपर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, अनुदान प्राप्त, माध्यमिक शिक्षा मंडल तथा अन्य बोर्ड से संबद्ध नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार अब जिले के सभी विद्यालयों का संचालन सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाएगा। प्रशासन ने सभी स्कूल प्राचार्यों और संस्थाओं को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रीष्म ऋतु में लगातार बढ़ रहे तापमान और लू-तापघात की आशंका को देखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है। साथ ही स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, पेयजल व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि बच्चों को तेज धूप से बचाएं, पर्याप्त पानी पिलाएं और आवश्यक सावधानियां बरतें, ताकि गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सके।