दक्षिण कोरिया में होने वाली Robotex International Championship में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
THE NewsBar | पांढुर्णा। पांढुर्णा के राम शांति विद्या मंदिर ने शिक्षा और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। विद्यालय की जूनियर रोबोटिक्स टीम ने Robotex India National Championship 2026 की लाइन फॉलोअर (Line Follower) प्रतियोगिता में देशभर की प्रतिभाशाली टीमों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ टीम ने दिसंबर में दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली Robotex International Championship के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है, जहां वह भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
विद्यालय की विजेता टीम में रेवांश पोपट और तनिष्क पराडकर शामिल हैं। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और कड़ी मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की। लंबे समय तक लगातार अभ्यास, रोबोट की टेस्टिंग और तकनीकी चुनौतियों का समाधान खोजने की लगन ने उन्हें राष्ट्रीय मंच पर यह गौरव दिलाया।
विद्यालय के चेयरमैन सुभाष बुधराजा ने इस उपलब्धि को विद्यालय के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि यह सफलता साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और समर्पण के बल पर विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए दक्षिण कोरिया में होने वाली प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के डायरेक्टर शिवम बुधराजा ने कहा कि राम शांति विद्या मंदिर विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार के क्षेत्र में विद्यालय नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्हें विश्वास है कि विद्यालय के विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी भारत का गौरव बढ़ाएंगे।
प्राचार्या चारू गुलाटी ने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने रोबोटिक्स मेंटर और सभी शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।
विद्यालय के प्रबंधक रोहित धावले ने कहा कि यह सफलता केवल एक प्रतियोगिता में मिली जीत नहीं, बल्कि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और विद्यार्थियों की असीम क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान और रोबोटिक्स के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
राम शांति विद्या मंदिर परिवार ने अपने दोनों युवा चैंपियंस रेवांश पोपट और तनिष्क पराडकर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि वे दिसंबर में दक्षिण कोरिया में आयोजित Robotex International Championship में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।