THE NewsBar | लोधीखेड़ा/पांढुर्णा। जिले के प्रसिद्ध लोधीखेड़ा बैल बाजार में अब पशुओं की खरीद-बिक्री पारंपरिक तरीके से नहीं, बल्कि डिजिटल निगरानी के दायरे में होगी। कलेक्टर नीरज विशिष्ट के निर्देश पर शनिवार को “पशु सेतु ऐप” का सफल पायलट संचालन किया गया, जिसके माध्यम से पहली बार बैल बाजार में आने वाले पशुओं, विक्रेताओं और खरीदारों का ऑनलाइन पंजीयन एवं सत्यापन किया गया।
प्रशासन का मानना है कि यह पहल किसानों के हितों की सुरक्षा, पशु कल्याण को बढ़ावा देने और अवैध पशु व्यापार व तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
खरीद-बिक्री का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड
पायलट प्रोजेक्ट के तहत बाजार में आने वाले विक्रेताओं, खरीदारों और पशु परिवहनकर्ताओं की जानकारी पशु सेतु ऐप में दर्ज की गई। इसमें आधार कार्ड, पशु का वैध फिटनेस प्रमाण पत्र, दो से अधिक पशुओं की खरीद की स्थिति में कृषक होने का प्रमाण तथा परिवहन के लिए वाहन की आरसी और वैध अनुमति जैसी जानकारियां दर्ज की गईं।
इस प्रक्रिया से प्रत्येक पशु के क्रय-विक्रय का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे भविष्य में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध लेन-देन की पहचान तुरंत की जा सकेगी।
तस्करी और नियम उल्लंघन पर रहेगी पैनी नजर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐप के माध्यम से बाजार में होने वाली गतिविधियों की सतत निगरानी की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति, पशु या लेन-देन संदिग्ध पाया जाता है तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित विभागों को उपलब्ध होगी और नियमानुसार जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
केवल स्वस्थ और खेती योग्य बैलों की बिक्री
बाजार में यह भी सुनिश्चित किया गया कि केवल स्वस्थ, कार्यक्षम और कृषि कार्य के लिए उपयुक्त बैलों का ही क्रय-विक्रय हो। बीमार, अशक्त या खेती के लिए अनुपयुक्त पशुओं के व्यापार पर रोक लगाई गई है। साथ ही पशुओं के प्रति किसी भी प्रकार की क्रूरता न हो, इसके लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
पायलट रहा सफल, अब होगी नियमित निगरानी
प्रशासन के अनुसार प्रथम चरण का पायलट प्रोजेक्ट पूरी तरह सफल रहा है। प्राप्त अनुभवों के आधार पर आगामी दिनों में इस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाते हुए बैल बाजारों में नियमित निरीक्षण, सघन निगरानी और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
किसानों और पशुओं के हित में नई पहल
“पशु सेतु ऐप” के जरिए जिले में पारदर्शी, जवाबदेह और विधिसम्मत पशु व्यापार व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे जहां किसानों को सुरक्षित और विश्वसनीय व्यापारिक वातावरण मिलेगा, वहीं पशु कल्याण और कानून व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
“डिजिटल निगरानी से पशु व्यापार में पारदर्शिता, तस्करी पर लगेगी लगाम”