विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

श्री बड़ी माता मंदिर नवनिर्माण के लिए नई पहल: “भाग्यशाली भक्त उपहार योजना” का शुभारंभ, जनसहयोग से आगे बढ़ेगा भव्य निर्माण कार्य

Share:

Join Whatsapp group

भक्ति और जनसहयोग का अनूठा संगम, मंदिर निर्माण में सहयोग करने वाले भक्तों को मिलेगा उपहार स्वरूप आशीर्वाद

THE NewsBar | छिंदवाड़ा।  जिले की प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर, लगभग 500 वर्ष प्राचीन नगरशक्ति पीठ श्री बड़ी माता मंदिर के भव्य नवनिर्माण कार्य को जनसहयोग के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहे इस भव्य मंदिर का अब तक करीब 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष संतोष सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर निर्माण के लिए पूर्व में प्राप्त 6 करोड़ रुपये से अधिक जनसहयोग राशि पूर्ण रूप से व्यय हो चुकी है, जबकि अभी लगभग 9 करोड़ रुपये की राशि की आवश्यकता शेष है। इसी उद्देश्य से मंदिर निर्माण कार्य को गति देने के लिए ट्रस्ट द्वारा छिंदवाड़ा की सबसे भव्य “भाग्यशाली भक्त उपहार योजना” प्रारंभ की जा रही है।

मंदिर ट्रस्ट संरक्षक अरविंद राजपूत ने बताया कि योजना के तहत ₹500 मूल्य के लगभग 50 हजार कूपन जारी किए जाएंगे, जिनके माध्यम से करीब 2.50 करोड़ रुपये की सहयोग राशि एकत्र करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से लगभग 40 लाख रुपये की राशि भाग्यशाली भक्तों को उपहार स्वरूप प्रदान की जाएगी, जबकि शेष राशि मंदिर के नवनिर्माण कार्य में उपयोग होगी।

योजना को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत शहर के गली-मोहल्लों, वार्डों एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक मंदिर की जनसहयोग टीम पहुंचकर श्रद्धालुओं से सहयोग का आग्रह करेगी। मंदिर ट्रस्ट ने सभी माता भक्तों और नगरवासियों से इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की है।

मंदिर मीडिया प्रभारी गौरव सोनी ने बताया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। आगामी नवंबर माह में दीपावली एवं ग्यारस के मध्य इस कूपन योजना का लकी ड्रॉ कार्यक्रम आयोजित कर योजना का समापन किया जाएगा।

कार्यक्रम से जुड़ी सभी जानकारियां मंदिर के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज “shri_badimata_mandirtrust” के माध्यम से लगातार साझा की जाएंगी।

इस अवसर पर ट्रस्ट के संरक्षक एवं सदस्यों में सतीश दुबे, मुकुल सोनी, संजय सहानी, कोषाध्यक्ष अखिलेश भारद्वाज, अनिल सोनी, अशोक जैन, सुभाष साहू, गुड्डू सोनी, हरिओम सोनी, अक्की सोनी, परिवेश सदाफल, नयन चौरसिया, सागर चौरसिया, सावन जैन, ऋषभ ताम्रकार, कृष्णा सोनी, अंशुल जैन, आयुष राजपूत, अंकित सेठिया, राजा विश्वकर्मा और गोपाला चौरसिया सहित बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।

मंदिर ट्रस्ट ने विश्वास जताया कि जनसहयोग और श्रद्धालुओं के समर्थन से वर्ष 2027 तक मंदिर नवनिर्माण कार्य पूर्ण कर भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

“माँ बड़ी माता के भव्य धाम निर्माण में जनसहयोग की नई शुरुआत, ‘भाग्यशाली भक्त उपहार योजना’ बनी आस्था और सेवा का माध्यम”

error: Copy not allowed