एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी को “आई लव यू” कहना एक पति को भारी पड़ गया।
THE NewsBar | बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी को “आई लव यू” कहना एक पति को भारी पड़ गया। मामला सीपत थाना क्षेत्र के नरगोड़ा गांव का है, जहां पत्नी को लेने पहुंचे युवक की उसके सालों ने जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पत्नी को लेने पहुंचा था पति
जानकारी के मुताबिक ग्राम परसाही निवासी मदन लाल राजगीर पेशे से ड्राइवर है, वह अपनी पत्नी सरस्वती को वापस घर ले जाने के लिए अपने एक दोस्त के साथ ससुराल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान मदन लाल ने पत्नी से प्यार का इजहार करते हुए घर चलने की बात कही।
रोमांटिक बात से भड़के साले
पति-पत्नी के बीच चल रही बातचीत ससुराल पक्ष को पंसद नहीं आई, आरोप है कि मदन लाल के साले संतोष गढ़वाल ने इस बात पर नाराजगी जताई और अपने दो साथियों अमर और कमल को बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर मदन लाल के साथ मारपीट शुरु कर दी।
बहन को साथ नहीं भेजेंगे
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने साफ तौर पर कहा कि वे अपनी बहन को उसके साथ नहीं भेजेंगे। विरोध करने पर मदन लाल को धमकाया गया और जान से मारने की चेतावनी भी दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत सीपत थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।