विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

स्कूल ग्राउंड में खेल रहे 11 वर्षीय मासूम पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर दर्दनाक मौत

Share:

Join Whatsapp group

खेलते-खेलते छिन गई जिंदगी, हादसे के बाद गांव और स्कूल में पसरा मातम

THE NewsBar | शुभम नांदेकर, हर्रई, छिंदवाड़ा।

छिंदवाड़ा जिले के हर्रई विकासखंड अंतर्गत बटका खापा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया कला में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। यहां स्कूल परिसर के मैदान में खेल रहे 11 वर्षीय बालक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरिया कला निवासी देवेंद्र पिता किशोरी कुमरे (11 वर्ष) स्कूल के ग्राउंड में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बच्चे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही जोरदार आकाशीय बिजली मैदान के पास गिरी, जिसकी चपेट में देवेंद्र आ गया। बिजली गिरते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद स्कूल स्टाफ और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। मासूम को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में हर किसी की आंखें नम दिखाई दीं।

स्थानीय लोगों के अनुसार मौसम अचानक खराब हुआ था और तेज गर्जना के बीच बिजली गिरने की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा। घटना के बाद बच्चों में भी भय का माहौल है।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम, बारिश और तेज गर्जना के दौरान खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर मौसम के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

error: Copy not allowed