- कपास पर ड्यूटी खत्म करने के प्रयास में राज्य की मोहन सरकार
THE NewsBar | भोपाल/बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने बुधवार को बुरहानपुर में उद्योगपतियों और व्यापारियों से संवाद करते हुए साफ कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
परमानंद गोविंदजीवाला सभागृह में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत को भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य सरकार कपास पर लगने वाली ड्यूटी को समाप्त करने के प्रयास कर रही है, जिससे व्यापार और उद्योग को नई गति मिलेगी।
फिनिक्स की तरह उभरते हैं उद्यमी
सीएम डॉ. यादव ने उद्योगपतियों की तुलना फिनिक्स पक्षी से करते हुए कहा कि जैसे फिनिक्स राख से फिर उठकर उड़ान भरता है, उसी तरह हमारे उद्यमी भी हर चुनौती से उबरकर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उद्योग जगत और ऊंची उड़ान भरेगा।
भारत की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि के नेतृत्व में 2014 के बाद देश की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि प्राचीन काल में वैश्विक व्यापार में भारत की हिस्सेदारी करीब 33% थी, जो समय के साथ घटकर 3% रह गई थी, लेकिन अब भारत फिर से वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है।
व्यापारी कल्याण बोर्ड और नई पहल
सीएम ने जानकारी दी कि राज्य कैबिनेट ने हाल ही में व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन को मंजूरी दी है, जो जिला स्तर तक कार्य करेगा। इसके अलावा निमाड़ क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए “निमाड़ इन्वेस्टर्स समिट” आयोजित करने की योजना भी बनाई जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों के लिए कई जटिल और औचित्यहीन कानूनों को समाप्त किया गया है और बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
बुरहानपुर को बताया विकास का द्वार
मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर को “दक्षिण का द्वार” बताते हुए कहा कि यह जिला भले छोटा हो, लेकिन यहां के लोग और संभावनाएं बड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार यहां उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
2025 उद्योग वर्ष, 2026 किसान कल्याण वर्ष
सीएम डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2025 को “उद्योग वर्ष” और 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” घोषित किया है। सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ उद्योग और रोजगार के अवसरों को भी मजबूत करना है।
उद्योग और कृषि-दोनों पर फोकस
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उद्योग, व्यापार और कृषि-तीनों क्षेत्रों को संतुलित रूप से आगे बढ़ाना है, ताकि प्रदेश और देश दोनों की अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके।