ईरान ने घोषणा की है कि लेबनान में युद्धविराम के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुला रहेगा। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया पर बताया कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही बिना बाधा जारी रहेगी।
The NewsBar | नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। ईरान ने घोषणा की है कि लेबनान में लागू युद्धविराम के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से सभी वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही पूरी तरह खुली रहेगी।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि युद्धविराम की अवधि तक इस अहम समुद्री मार्ग से जहाजों का आना-जाना बिना किसी बाधा के जारी रहेगा।
उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। अराघची के मुताबिक, यह फैसला लेबनान में हुए युद्धविराम के अनुरूप लिया गया है, ताकि क्षेत्र में स्थिरता बनी रहे और वैश्विक व्यापार प्रभावित न हो।
तय रूट से होगी आवाजाही
ईरान ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी वाणिज्यिक जहाजों को पहले से तय और समन्वित मार्ग का ही पालन करना होगा। यह मार्ग ईरान के पोर्ट्स एंड मैरीटाइम ऑर्गेनाइजेशन द्वारा पहले ही निर्धारित किया जा चुका है। इसी के तहत जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी।