रामनवमी के कार्यक्रम निरस्त कर पहुंचे मुख्यमंत्री, अस्पताल में घायलों का हाल जाना; हर संभव मदद का भरोसा

@ शुभम नांदेकर, छिंदवाड़ा। [The NewsBar]
मोहन यादव ने छिंदवाड़ा में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद तत्काल संज्ञान लेते हुए आकस्मिक दौरा किया। उन्होंने रामनवमी के पूर्व निर्धारित सतना जिले के चित्रकूट कार्यक्रम को निरस्त कर सीधे छिंदवाड़ा पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और घायलों का हाल जाना।
गौरतलब है कि गुरुवार शाम के मोहखेड़ थाना क्षेत्र में बस और पिकअप वाहन की टक्कर के बाद बस पलट गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए थे। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
पीड़ित परिवारों से मिले, बंधाया ढांढस
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम करेर (तहसील मोहखेड़) पहुंचकर हादसे में दिवंगत हुए नागरिकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने श्रीमती सिया इनवाती, श्री रामदास पराने, श्री दौलत पवार, श्रीमती भागवती और श्रीमती शकुन यादव के परिवारों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने ग्राम ग्वारा और झिरिया पहुंचकर भी प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हिम्मत बनाए रखने का आग्रह किया।
जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता हो तो घायलों को नागपुर या अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाए। राज्य सरकार घायलों के नि:शुल्क उपचार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सहायता राशि में बड़ा निर्णय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पहले ही मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की थी। अब उन्होंने बड़ा निर्णय लेते हुए सभी घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।
पहले यह सहायता केवल गंभीर घायलों तक सीमित थी, जिसे अब सभी घायलों तक बढ़ा दिया गया है।
प्रशासन और सरकार पूरी तरह सक्रिय
घटना के बाद से प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का इलाज कर रही है। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद राहत कार्यों में और तेजी आई है।
यह हादसा क्षेत्र के लिए गहरा आघात लेकर आया है, लेकिन सरकार और प्रशासन की तत्परता से पीड़ितों को राहत पहुंचाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।