» सौंसर की कार्रवाई के बाद मुख्यालय में भी हलचल, व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा
पांढुर्णा। [The NewsBar]
जिले के सौंसर क्षेत्र में गैस एजेंसी की बड़ी अनियमितता उजागर होने और इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब पांढुर्णा मुख्यालय में भी प्रशासन सक्रिय नजर आया है। The NewsBar द्वारा प्रकाशित खबर के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया।
यह संयुक्त कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती अलका एक्का एवं कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्री जितेन्द्र शिल्पी द्वारा की गई, जिसमें विभिन्न गैस एजेंसियों की व्यवस्थाओं, स्टॉक एवं आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया गया।
इन एजेंसियों का हुआ निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान
- नाहर (एचपी) गैस एजेंसी, पांढुर्णा
- मोहन ज्योति इंडेन गैस एजेंसी, पांढुर्णा
- शुभ शुभ्रा गैस एजेंसी, सिराठा
- जायसवाल (एचपी) गैस एजेंसी, राजना
- आस्था (एचपी) गैस एजेंसी, बड़चिचोली
का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में क्या मिला 
नाहर गैस एजेंसी पांढुर्णा में उपभोक्ताओं की भीड़ देखी गई। पूछताछ में सामने आया कि कई उपभोक्ता सौसर क्षेत्र के पिपला नारायणवार से कनेक्शन ट्रांसफर एवं केवाईसी के लिए पहुंचे थे। इस पर एजेंसी संचालक को उपभोक्ताओं के लिए पानी एवं छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शुभ शुभ्रा गैस एजेंसी सिराठा एवं आस्था गैस एजेंसी बड़चिचोली में सिलेंडरों के वजन की रेंडम जांच की गई, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई।
वहीं मोहन ज्योति इंडेन गैस एजेंसी के आजनगांव स्थित गोदाम में स्टॉक बोर्ड अपडेट नहीं मिला, जिस पर प्रतिदिन जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
जायसवाल (एचपी) गैस एजेंसी राजना में मूल स्टॉक बोर्ड का अभाव पाया गया तथा अग्निशमन यंत्र एक्सपायरी होने पर तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार बड़चिचोली एजेंसी में भी फायर सेफ्टी उपकरण अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
आपूर्ति व्यवस्था पाई गई सामान्य
समग्र निरीक्षण में सभी एजेंसियों पर गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी जारी रहेगी।
पहले सवाल, अब कार्रवाई – खबर का असर साफ
गौरतलब है कि हाल ही में सौंसर क्षेत्र में एक गैस एजेंसी में 92 घरेलू सिलेंडर कम पाए जाने और एफआईआर दर्ज होने के मामले ने पूरे जिले में हलचल मचा दी थी। उसी के बाद यह सवाल उठ रहा था कि पांढुर्णा मुख्यालय में अब तक जांच क्यों नहीं हो रही।
The NewsBaar द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद अब प्रशासन की सक्रियता सामने आई है। यह कार्रवाई साफ तौर पर दर्शाती है कि मीडिया की पहल के बाद ही मुख्यालय स्तर पर जांच शुरू हुई।

अब आगे क्या?
हालांकि निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक बताई गई हैं, लेकिन विशेषज्ञों और आमजन का मानना है कि एक बार की जांच पर्याप्त नहीं है। नियमित और सख्त निगरानी से ही कालाबाजारी या अनियमितताओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकता है।
सौंसर की कार्रवाई से उठे सवाल और The NewsBar की खबर के बाद पांढुर्णा प्रशासन की यह सक्रियता निश्चित रूप से सकारात्मक संकेत है। अब देखना यह होगा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहता है या केवल औपचारिकता बनकर रह जाता है।