विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

एमपी बोर्ड 2026: हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की दूसरी परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी, 7 मई से होंगी परीक्षाएं

Share:

Join Whatsapp group

The NewsBar | छिंदवाड़ा।  माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) द्वारा हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी 2026 की द्वितीय परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। जिन छात्रों के कुछ विषयों में अंक कम आए हैं, अनुत्तीर्ण हुए हैं या जो अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं, वे इस दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल ने बताया कि वर्ष 2026 का परीक्षा परिणाम 15 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया था, जिसमें सरकारी स्कूलों के छात्रों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी पहली परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे हैं या किसी कारणवश शामिल नहीं हो सके थे, वे इस द्वितीय परीक्षा में भाग ले सकते हैं।

उन्होंने बताया कि छात्र एमपी ऑनलाइन कियोस्क के माध्यम से अपने परीक्षा परिणाम के आधार पर विषय चुनकर आवेदन पत्र भर सकते हैं और निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। इस परीक्षा में अनुत्तीर्ण विषयों का चयन अनिवार्य रहेगा, जबकि पास किए गए विषयों का चयन स्वैच्छिक होगा।

एमपी बोर्ड के अनुसार हाई स्कूल की द्वितीय परीक्षा 7 मई से 19 मई 2026 तक और हायर सेकेंडरी की परीक्षा 7 मई से 25 मई 2026 तक सुबह 9 बजे से 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। छात्रों को अलग-अलग परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाएंगे।

बोर्ड ने परीक्षा शुल्क भी निर्धारित किया है, जिसमें एक विषय के लिए 500, दो विषयों के लिए ₹1000, तीन या चार विषयों के लिए 1500 तथा चार से अधिक विषयों के लिए 2000 शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन प्रक्रिया 7 दिनों के भीतर पूरी करनी होगी।

error: Copy not allowed