The NewsBar | तमन्ना भाटिया को लेकर अन्नू कपूर के बयान ‘माशाल्लाह क्या दूधिया बदन है’ पर खूब खलबली मची थी। अब अन्नू कपूर ने अपनी कही बातों पर सफाई दी है और कहा- यही बात इंग्लिश में मिल्की बॉडी कही जाए तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होती।
अन्नू कपूर बेबाक सितारों में से एक हैं। हालांकि, उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में तमन्ना भाटिया को लेकर कुछ ऐसा कहा था कि उनकी काफी आलोचना होने लगी थी। अब उन्होंने एक्ट्रेस के लिए ‘माशाल्लाह क्या दूधिया बदन है’ वाले कॉमेंट को लेकर सफाई दी है। आइए जानते हैं अन्नू कपूर ने तमन्ना भाटिया को लेकर अब क्या कहा है।
मामला पिछले साल अक्टूबर का है। शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर पहुंचे अन्नू कपूर बातों-बातों में कुछ ऐसा कहा था कि सुनने वालों के कान झनझना गए। दरअसल उनसे सवाल किया गया था कि क्या उन्हें तमन्ना भाटिया पसंद हैं? तो इसपर जवाब देते हुए उन्होंने कहा था, ‘आहा, माशाल्लाह क्या दूधिया बदन है, आहा।’
‘इंग्लिश में मिल्की बॉडी कही जाए तो किसी को कोई आपत्ति नहीं’
अब हाल ही में अन्नू कपूर ने सिद्धार्थ कनन को दिए एक इंटरव्यू में इसे लेकर बातें कीं। उन्होंने एक्ट्रेस को लेकर कही बातों पर अपनी सफाई देते हुए कहा, ‘लोगों ने मुझे गालियां दीं, खूसट बूढ़ा और सठिया गया जैसी बातें कहीं। मेरा कहना सिर्फ इतना है कि अगर मैं दूधिया बदन कहता हूं तो बवाल मच जाता है, लेकिन अगर यही बात इंग्लिश में मिल्की बॉडी कही जाए तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होती।’ उन्होंने आगे कहा कि तमन्ना उनकी बेटी की उम्र की हैं और उनके मन में उनके लिए किसी तरह की कोई गलत भावना नहीं है।
अन्नू कपूर बोले- मैं उनके पैर छूने के लिए भी तैयार हूं
उन्होंने आगे ये भी कहा,’बुरा लगा तो पैर छूने के लिए तैयार हूं।’ अपनी कही बातों पर अब उन्होंने सफाई देते हुए कहा, ‘अगर तमन्ना को मेरी बात बुरी लगी है तो मैं उनके पैर छूने के लिए भी तैयार हूं। अगर एक 71 साल का आदमी उनके पैर छूएगा तो वे क्या कहेंगी? मेरा इरादा बिल्कुल साफ है और मुझे अपनी सच्चाई पता है।’
अन्नू कपूर ने कहा था, ‘कितनी उम्र के बच्चे सो जाते हैं?
दरअसल शुभंकर मिश्रा ने सवाल करते हुए कहा था, ‘तमन्ना ने एक इंटरव्यू में बताया कि मां अपने बच्चों को ये (फिल्म ‘स्त्री 2′ के सुपरहिट गाने- आज की रात) गाना सुनाती हैं और बच्चे सो जाते हैं।’ इसपर अन्नू कपूर ने कहा था, ‘कितनी उम्र के बच्चे सो जाते हैं? 70 साल का भी बच्चा हो सकता है!’ ये बोलकर दोनों हंस पड़े थे।
अन्नू ने कहा था- 70 साल पुराना बच्चा हूं और 11 साल पुराना बुड्ढा तो कौन सो जाता है?
हालांकि उनसे उनकी कही बातों का मतलब खुलकर बताने को कहा गया था जिसपर अन्नू ने कहा था, ‘एक बार आप उनसे पूछिए। मैं होता जरूर पूछता कि कितने उम्र के बच्चे सो जाते हैं। मैं 70 साल पुराना बच्चा हूं और 11 साल पुराना बुड्ढा तो कौन सो जाता है। ये बहन तमन्ना भाटिया अपने गाने से, अपने अंदाज से या अपने दूधिया चेहरे से हमारे बच्चों को सुला रहीं हैं, तो ये बहुत अच्छी बात है। ये हमारे बच्चों के लिए बहुत बड़ी कृपा होगी कि हमारे बच्चे स्वस्थ और मीठी नींद सो रहे हैं। और भी अगर उनकी कोई इच्छाएं हो तो भगवान उन्हें सामर्थ दें कि वो उनको पूरा कर सकें। यही उनके लिए मेरा आशीर्वाद है।’ तमन्ना को लेकर कही अन्नू कपूर की ये बातें लोगों को काफी फूहड़ लगी थी और सबने खूब मजाक उड़ाया था।