विज्ञापन ₹ ☎️ 8827666688

The NewsBar की खबर का बड़ा असर: 3 घंटे में आबकारी की दबिश, लेकिन कार्रवाई के बाद फिर सज गईं महफिलें

Share:

Join Whatsapp group

The NewsBar | शुभम नांदेकर, छिंदवाड़ा।
शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे अहातों और खुलेआम हो रही शराबखोरी को लेकर प्रकाशित The NewsBar की खबर- “सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ा रहा आबकारी विभाग: छिंदवाड़ा में धड़ल्ले से चल रहे अवैध अहाते, प्रशासन मौन” – का असर देखने को मिला। खबर के प्रकाशन के महज कुछ घंटों के भीतर ही आबकारी विभाग हरकत में आया और शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश देकर कार्रवाई की।

रात में चली कार्रवाई, शराबियों को खदेड़ा
सोमवार रात कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने शहर के कई प्रमुख स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। कंपोजिट मदिरा दुकान, फव्वारा चौक, मोहन नगर, बस स्टैंड, दिवांचीपुरा, नरसिंहपुर नाका, परतला A और परतला B क्षेत्रों में गश्त कर खुले में शराब पी रहे लोगों को खदेड़ा गया।

कार्रवाई के दौरान फव्वारा चौक, परतला A और दिवांचीपुरा स्थित दुकानों के आसपास गुमठियों में बैठाकर शराब पिलाने वालों पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 2000 की धारा 36 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। टीम में एडीईओ वासुदेवाचार्य त्रिपाठी, वृत्त प्रभारी आकाश मेश्राम सहित आबकारी अमला मौजूद रहा।

The NewsBar की खबर के प्रकाशन के महज कुछ घंटों के भीतर ही आबकारी विभाग हरकत में आया » कार्यवाही

पहले भी हुई कार्रवाई, फिर भी हालात जस के तस
जानकारी के अनुसार इससे पहले भी कुछ ढाबों पर दबिश देकर अवैध मदिरा जब्त की गई थी, लेकिन इन कार्रवाइयों का असर स्थायी रूप से नहीं दिख रहा है। शहर में अवैध अहातों का संचालन लगातार जारी है, जिससे साफ है कि कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।

कार्रवाई के कुछ घंटे बाद ही फिर शुरू हुआ अवैध कारोबार
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आबकारी टीम की दबिश के तुरंत बाद ही कई स्थानों पर फिर से वही स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ ही समय में अवैध अहातों में दोबारा जाम से जाम टकराने लगे और महफिलें सज गईं। इससे यह सवाल उठता है कि क्या यह कार्रवाई केवल दिखावे के लिए थी?

सरकारी आदेशों की लगातार अनदेखी
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशभर में अहाते बंद करने के स्पष्ट आदेश दिए गए हैं, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी पर रोक लगाई जा सके और सामाजिक वातावरण सुरक्षित रहे। बावजूद इसके, छिंदवाड़ा जिले में इन आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

आबकारी विभाग पर उठ रहे सवाल
लगातार मिल रही शिकायतों और मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद भी यदि हालात में स्थायी सुधार नहीं होता, तो यह सीधे तौर पर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की ढिलाई और कथित संरक्षण के कारण ही अवैध अहाते बेखौफ संचालित हो रहे हैं।

The NewsBar की खबर के बाद आबकारी प्रशासन भले ही कुछ समय के लिए सक्रिय हुआ, लेकिन जमीनी स्तर पर ठोस और स्थायी कार्रवाई अब भी नदारद है। कुल मिलाकर स्थिति यही दर्शाती है कि जिले में अवैध अहातों को बंद कराने के सरकारी आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू करने में आबकारी विभाग पूरी तरह विफल नजर आ रहा है।

error: Copy not allowed